सिंगोरी न्यूजः सूबे में मानव ओर वन्य जीवों का सघर्ष थमने की बजाए बढ़ ही रहा है। साथ ही इन आदमखोरों की दहशत दिनों दिन बढ़ती जा रही है। यहां नैनीताल के ओखलकांडा ब्लॉक में तेंदुए लोगो की जान लेने पर लगे हैं। लोग दहशत में हैं। शनिवार को धैना ग्रामसभा के सरपंच हरीश सिंह की पत्नी खिमुली देवी (45) को तेंदुए ने निवाला बना दिया। तेंदुओं के हमले में चार दिन में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार खिमुली देवी अपने 10 साल के बेटे को लेकर पास के खेत पर गई थी। इस दौरान खेत में घात लगाए तेंदुए ने खिमुली पर हमला कर दिया। बेटा दौड़कर घर आया और तब ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर शोर मचाया। तब जाकर गुलदार वहां भागा। घायल महिला ने अस्पताल ले जाते समय ही दम तोड़ दिया। इस घटनाक्रम से पूरे क्षेत्र में दहशत है। तीन दिन में यह चार लोग मारे जा चुके हैं।