बहुत रोए हैं लोग सुनकर यह खबर तेरे शहर में
तेरे नाम पर मिटते रहे फासले तेरे शहर में
उत्तराखंड के पौड़ी शहर से करीब ढाई हजार किमी दूर त्रिपुरा में गत दिवस एक वाकये ने शहर की धड़कने बढ़ा कर रख दी। शहर के एक जांबाज नागेंद्र सिंह नेगी ने ड्यूटी के दौरान इस दुनिया को अलविदा कह दिया। जिसने भी यह खबर सुनी सदमे की स्थिति में आ गया। सोशल मीडिया पर ट्रेंड हुई खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
श्रद्धांजलि से लेकर किस्से कहानियों का दौर भी खूब चला। मामला ढाई हजार किमी दूर का जो था। श्रद्धांजलि स्वरूप जिससे जो बन पड़ा हुआ। त्रिपुरा राइफल्स के मुताबिक उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के त्रिपुरा राइफल्स में तैनात आरएफल नागेंद्र सिंह नेगी अगरतला में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए। शहीद नागेंद्र सिंह नेगी 23 वर्षों से देश सेवा में त्रिपुरा में तैनात थे। रविवार 11 जून को सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक हृदय गति रुकने से उनकी मृत्यु हो गई। शहीद नागेंद्र सिंह नेगी अपने पीछे धर्मपत्नी समेत एक पुत्री व बेटे को छोड़ गए हैं। शदीद नागेंद्र सिंह नेगी अपनी त्रिपुरा राइफल में वर्ष 2000 में शामिल हुए थे। वे इस दौरान बांग्लादेश बॉडर में कई ऑपरेशन में शामिल रहे ।
नागेंद्र के आखिरी सफर में शामिल होने गए उनके भाई पवन नेगी ने त्रिपुरा से बताया कि पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उसकी जांबाजी और मिलनसार स्वभाव के कारण वह अपने स्टाफ के साथियों व वहां के आम जनमानस के बीच भी लोकप्रिय थे। पौड़ी के इस जांबाज को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।