सिंगोरी न्यूजः सूबे के पिथौरागढ़ से दुखदायी खबर आई है। यहां के देव सिंह मैदान में चल रही विकास प्रदर्शनी में झूले से गिरकर किशोर (14) की मौत हो गई।उक्त किशोर विवेकानंद इंटर कॉलेज में नवीं कक्षा में पढ़ता था। किशोर की मौत से गुस्साए लोगों ने मेला संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक विण निवासी जितेंद्र बिष्ट पुत्र गिरीश बिष्ट रविवार देर शाम देव सिंह मैदान में चल रही नव वर्ष विकास मेला एवं प्रदर्शनी में झूले से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई थी। किशोर की मौत की सूचना पर लोग बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए। हंगामे की आशंका के मद्देनजर कोतवाल ओपी शर्मा के नेतृत्व में पुलिस जवान तैनात कर दिए गए। उसकी नानी चंद्रकला पूर्व सभासद हैं।