सिंगोरी न्यूजः नववर्ष की सुबह पौड़ी क्षेत्र के लिए एक दुखद खबर लेकर आई । दुखद खबर यह है कि यहां के सामाजिक कार्यकर्ता उरेगी गांव निवासी पूर्व प्रधान रघुनाथ सिंह नेगी का निधन हो गया है। वह 57 वर्ष के थे। दिल्ली के धर्मशिला कैंसर अस्पताल में उन्होंने शुक्रवार की सुबह 3 बजकर 10 मिनट पर अंतिम सांस ली। नववर्ष पर मिले इस दुखद समाचार से पूरे क्षेत्र में शोक लहर है। शनिवार को उनके पैतृक घाट अलकनंदा के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता अजेंद्र रावत ने बताया कि पूर्व पंचायत प्रधान रघुनाथ जी कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे। दिल्ली के धर्मशिला अस्पताल में जब कुछ दिवस पूर्व उनका स्वास्थ्य परीक्षण हुआ तो तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शुक्रवार पहली जनवरी की तड़के समाज हितों के लिए संघर्ष करने वाले रघुनाथ नेगी ने इस दुनिया को अलविदा कहा। इस सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक लहर है। स्व रघुनाथ जी सेना से रिटायर थे। बाद में वह पूरी तहर से समाज सेवा के क्षेत्र में आए। वह ग्राम पंचायत उरेगी के प्रधान भी रहे। रघुनाथ जी भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष भी रहे। परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं।
अजेंद्र रावत कहते हैं कि रघुनाथ जी के अवसान के साथ ही सामाजिक सरोकारों का एक बड़ा अध्याय बंद हो गया है। समाजिक कार्यों में उनकी सक्रियता और दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना उनकी खूबियों में था। जन संघर्षों में समाज को उनकी कमी खलती रहेगी।