सिंगोरी न्यूजः पौड़ी जनपद तहसील पौड़ी के असवालस्यूं पट्टी के डुंक गांव में एक ग्रामीण की हत्या हो गई। मामले के पीछे चुनावी रंजिश है ऐसा बताया जा रहा है। मृतक के भाई ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए राजस्व पुलिस को नामजद तहरीर सौंप दी है।
जानकारी के मुताबिक तहसील पौड़ी के असवालस्यूं पट्टी स्थित डुंक गांव में बुधवार रात किसी ग्रामीण के सेवानिवृत्ति पर पार्टी का आयोजन था। कार्यक्रम में दो लोगों के बीच नशे की हालत में कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद अन्य तीन लोग भी चले गए। ग्रामीण मेहरबान सिंह रात भी घर नहीं लौटा। अगले दिन बृहस्पतिवार सुबह उसकी खोजबीन की जा रही थी, तभी ग्रामीण मेहरबान सिंह का शव पंचायतघर के समीप बने कंपोस्ट पिट में पड़ा मिला। राजस्व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी भेज दिया गया है। मामले में मृतक के भाई तीरथ सिंह ने एक ग्रामीण के खिलाफ राजस्व पुलिस को नामजद तहरीर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक और आरोपी की पत्नियां प्रधान पद पर दावेदारी कर रही थीं।