दिल्ली में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मोदी शाह पर बोला हमला
सिंगोरी न्यूजः दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की भारत बचाओ रैली में सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार जमकर हमला। उन्होंने कहा कि देश में किसानों की आत्महत्या पर सरकार को शर्म आनी चाहिए। रेप इन इंडिया वाले बयान पर राहुल ने कहा कि मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं बल्कि गांधी है और मैं सच्चाई के लिए माफी नहीं मांगूंगा।
उन्होंने यह भी कहा कि माफी नरेंद्र मोदी को मांगनी है। अमित शाह को भी माफी मांगनी है। इस देश की शक्ति अर्थव्यवस्था थी। जिसे मोदी ने नष्ट कर दिया। कालेधन का नाम लेकर झूठ बोला। दुनिया के लोग भारत को सोने की चिड़िया बोलते थे।
अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल ने मोदी सरकार पर खूब घेराबंदी की। कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने स्वयं ही इस देश की अर्थ व्यवस्था को नष्ट करने का काम किया है। पूरा का पूरा पैसा दो-तीन उद्योगपतियों को थमा दिया है। बड़-बड़े उद्योगपतियों का हजारो करोड़ रुपये माफ कर दिया। हमारे देश की नौ प्रतिशत जीडीपी होती थी जो अब चार प्रतिशत है। हकीकत में देश की जीडीपी 2.5 प्रतिशत है। जीएसटी की वजह से इस देश में 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। नोटबंदी की चोट अभी तक ठीक नहीं हुई है। मोदी ने आपके फोन का बिल बढ़ाया है। मोदी ने आपकी जेब से पैसा निकाला है। मोदी ने अडानी को 50 ठेके दिए।
नागरिकता संशोधन विधेयक पर राहुल ने कहा कि ये लोग बांटने का काम शुरू करते हैं। अरुणाचल जाइये, मिजोरम जाइये देखिए नरेंद्र मोदी ने क्या काम किया है। पूर्वोत्तर जल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी मार्केटिंग करते हैं। रोज वह टीवी पर दिखाई देते हैं। इस रैली में उत्तराखंड से प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह कांग्रेसी नेता गणेश गोदियाल, राजपाल सिंह बिष्ट, महेश ढौंडियाल, प्रदेश प्रमुख संगठन के अध्यक्ष महेंद्र राणा, राजेंद्र भंडारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, समेत बड़ी तादाद में उत्तराखंड के कांग्रेसी मौजूद रहे।