सिंगोरी न्यूजः खबर बाजपुर से है। यहां नौकरी चले जाने से अवसाद में आए एक युवक ने पिता की हत्या कर दी। और बाद में खुद भी कीटनाशक गटक लिया। फिलहाल वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
पुलिस ने बताया कि मोहल्ला मुंडिया पिस्तौर के रहने वाले निवासी रेनू ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उसका मौसेरा भाई रणवीर उर्फ बबलू उसके घर में रह रहा है। वह अपने पिता 70 वर्षीय चतर सिंह को इलाज कराने को ले गया। लेकिन दो दिन से उसका पता नहीं चल रहा।
कुछ समय बाद रणवीर ने अपने एक रिश्तेदार को फोन कर कहा कि उसने पिता की हत्या कर दी है और खुद भी आत्महत्या कर रहा है।
परिजनों ने बरहैनी जंगल और वनखंडी मंदिर के आसपास खोजबीन की। तो यहां चतर सिंह का शव मिला। वहीं नजदीक बबलू भी बेहोशी की हालत मंे मिला। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया बेटे ने ही पिता का गला रेता। मौके से एक ब्लेड भी बरामद हुआ है। मृतक की एक बेटी और दामाद हल्द्वानी के कृष्णा कॉलोनी में रहते हैं। बताया जा रहा है कि बबलू दिल्ली में नौकरी करता था। लॉकडाउन में नौकरी चली गई। इससे वह मानसिक संतुलन खो बैठा था।