सिंगोरी न्यूजः मार्केटिंग और ब्रांडिंग की मास्टर मानी जाने वाली भाजपा को भी कई जगहों पर गुरू मिल सकते हैं। अब देखिए। दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी भी भाजपा को रणनीतिक हिसाब से घेरने के मूड में आ गई है।
दिल्ली में भाजपा के सात नेताओं को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताते हुए सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गई हैं। इसके लिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पोस्टर भी लगाए गए हैं। साथ यह सवाल भी किया है कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा।
बता दें कि 2015 के चुनाव में भाजपा की तरफ से किरण बेदी के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने से आप को फायदा हुआ था। इसी रणनीति के तहत आप इस बार भी भाजपा पर मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के लिए दबाव बना रही है। बीच-बीच में आप के वरिष्ठ नेताओं की तरफ से कभी सांसद विजय गोयल तो कभी प्रवेश वर्मा व विजेंद्र गुप्ता का नाम उछाला जाता है। इसी कड़ी में नए साल की शुभकामना संदेश जारी मनोज तिवारी, गौतम गंभीर, विजय गोयल, डॉ हर्षवर्धन, विजेंद्र गुप्ता, प्रवेश वर्मा और हरदीप सिंह पुरी को सीएम बनने की बधाई दी गई है।