सिंगोरी न्यूजः स्कूल में दाल रोटी खाकर राजीव गांधी नवोदय विद्यालय शिकारपुर में पढ़ रहे 17 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को लंढौरा के स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। सात बीमार बच्चों को रुड़की सिविल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक गत शाम स्कूली बच्चों को खाने में दाल, रोटी दी गई थी। शाम का खाना खाने के बाद अचानक 17 बच्चों की हालत बिगड़ गई। उन्हें उल्टी, चक्कर, सिरदर्द के साथ ही हाथ-पैरों में जकड़न होने लगी। एक बच्चे की नकसीर भी फूट पड़ी। बच्चों ने स्कूल स्टाफ को इस संबंध में जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि स्कूल के स्टाफ ने उनकी बातों को अनसुना कर दिया, रात में उन्हें उपचार नहीं दिलाया गया। कुछ बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया तो कुछ को परिजन अपने साथ ले गए।