राज्य सरकार की प्रतिबद्धता से बदली ग्रामीण परिवहन व्यवस्था की तस्वीर

समय से पहले सड़कों का कायाकल्प: दूरस्थ गांवों तक पहुंची विकास की रफ्तार”

जनपद पौड़ी गढ़वाल में राज्य सरकार की जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता के तहत विद्युत, पेयजल, शिक्षा के साथ-साथ मोटर मार्गों के विकास कार्यों में भी उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिल रही है। जिलाधिकारी के निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रभावी निगरानी के साथ लोक निर्माण विभाग द्वारा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में तीव्र गति से कार्य करते हुए लोगों की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुलभ बनाया जा रहा है। इन प्रयासों से न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिल रही है, बल्कि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

अधिशासी अभियंता लोनिवि बैजरो लोकेश सारस्वत ने बताया कि थलीसैंण क्षेत्र के अंतर्गत मैखुली-देवराड़ी-गणतखाल मोटर मार्ग का 2.87 किमी लंबा सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य 230.93 लाख की लागत से उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न किया गया। इस कार्य की अनुबंधानुसार समाप्ति तिथि 06 नवम्बर 2025 निर्धारित थी, किंतु विभाग की कार्यकुशलता एवं सतत निगरानी के चलते इसे 25 जून 2025 को ही, यानी 05 माह पूर्व पूर्ण कर लिया गया। इस मार्ग के निर्माण से ग्राम मतोली, छपरखाल एवं मंगरों के 431 ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला है, जिससे उनकी दैनिक आवाजाही पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सुगम और समयबद्ध हो गयी है।

इसी क्रम में, राज्य योजना के अंतर्गत बीरोंखाल क्षेत्र के रसिया महादेव-नाउ-नागणी-चित्तोड़खाल 1.5 किमी मोटर मार्ग पर 148.55 लाख की लागत से सुधारीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य किया गया। इस कार्य की अनुबंधानुसार समाप्ति तिथि 03 अप्रैल 2026 निर्धारित थी, किंतु जिलाधिकारी की सतत निगरानी के चलते यह कार्य 10 मार्च 2026 को, यानी लगभग 01 माह पूर्व ही पूर्ण कर लिया गया। इस मार्ग के सुदृढ़ होने से चकरगांव एवं लिंगुडिया के 657 ग्रामीणों की यात्रा अधिक सुरक्षित, सहज और आरामदायक हो गयी है।

इसी प्रकार मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत शामिल 1.250 किमी लंबे चकरगांव-कल्याणखाल मोटर मार्ग का 109.15 लाख की लागत से डामरीकरण कार्य भी उल्लेखनीय समयबद्धता के साथ पूरा किया गया। इस कार्य की निर्धारित समाप्ति तिथि 14 जुलाई 2026 थी, किंतु जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं विभागीय अधिकारियों की दक्ष कार्यशैली के कारण इसे निर्धारित समय से 04 माह पूर्व ही पूर्ण कर लिया गया। इस मार्ग के निर्माण से नाउ-नागणी क्षेत्र के 347 ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त हुई है, जिससे उनका दैनिक जीवन अधिक सुगम एवं सुरक्षित बन गया है।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *