रिखणीखाल में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू

रिखणीखाल में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू, पहले दिन 154 मरीजों ने लिया निशुल्क उपचार का लाभ

मुख्यमंत्री के निर्देशन में दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को घर के पास मिल रही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं

पौड़ी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “सेवा, सुशासन और समर्पण” संकल्प के तहत स्वास्थ्य सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल में गुरुवार से तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। 6 से 8 अगस्त तक चलने वाले इस शिविर के पहले दिन 154 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, विभिन्न जांचों एवं निशुल्क दवाओं का लाभ प्राप्त किया।

शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रेनू रावत ने किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध होने से मरीजों को बेहतर उपचार के साथ समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और सशक्त बनाएंगे।

शिविर में बेस चिकित्सालय कोटद्वार से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान एक्स-रे, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच, ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच सहित अनेक स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।

पहले दिन जनरल फिजिशियन द्वारा 36, ऑर्थोपेडिक सर्जन द्वारा 72, स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा 34, नेत्र रोग विशेषज्ञ द्वारा 64, ईएनटी विशेषज्ञ द्वारा 42 तथा दंत रोग विशेषज्ञ द्वारा 18 मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। इसके अतिरिक्त 55 लोगों की रक्त जांच, 82 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग तथा 32 लोगों के टीबी संबंधी एक्स-रे किए गए। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 14 किशोर-किशोरियों की स्वास्थ्य परामर्श (काउंसलिंग) भी की गई, जबकि एक पात्र व्यक्ति का दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किया गया।

इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. भावना राणा, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. विकास थलेड़ी, डॉ. मुकेश वर्मा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. तानिया तनेजा सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *