विधिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति छात्र–छात्राओं को किया जागरुक

विधिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति छात्र–छात्राओं को किया जागरुक

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर गुरु रामराय स्कूल में विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर हुआ आयोजित

पौड़ी’ 08 सितंबर, 2026:
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर श्री गुरु रामराय स्कूल पौड़ी में विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल एवं जिला परिवीक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के साथ ही उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गयी।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के अधिकार, विधिक साक्षरता, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं कानून और अपने अधिकारों के प्रति जागरुक होने के साथ ही परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी जागरुक करें।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण और किशोरों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, हिंसा, शोषण से जुड़ी समस्या होने पर बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर जिला रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी और छात्र–छात्राएं उपस्थित थे।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *