लोकगीत और नाट्य के जरिए जनजागरूकता कार्यक्रम

लोकगीत और नाट्य के जरिए गांव-गांव पहुंच रही सरकारी योजनाओं की जानकारी

सेवा संकल्प अभियान में सूचना विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दल कर रहे जनजागरूकता कार्यक्रम

पौड़ी/28 सितंबर, 2026: गांव की चौपाल और स्थानीय परिवेश में लोकगीतों की धुन के साथ जब कलाकारों ने गीत-नाट्य प्रस्तुत किया तो ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी सहज और रोचक अंदाज में मिली। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सूचना विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में पराज सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों ने विधानसभा चौबट्टाखाल के गडरी गांव सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने लोकगीत और गीत-नाट्य के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचायी। कार्यक्रम के दौरान योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गयी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान कलाकारों ने ग्रामीणों को उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की जानकारी लेने तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। स्थानीय भाषा और लोक संस्कृति से जुड़े प्रस्तुति के माध्यम से दी गई जानकारी ग्रामीणों के लिए सहज एवं रुचिकर रही।

दल प्रमुख प्रेम वल्लभ पंत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पूरे माह जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने के साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में लोक कला और गीत-नाट्य के माध्यम से दी जाने वाली जानकारी प्रभावी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान के तहत विभिन्न सांस्कृतिक दलों को ग्राम पंचायत स्तर तक जनजागरूकता कार्यक्रमों के लिए जोड़ा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी सरल माध्यम से पहुंच सके।

कार्यक्रम में कुलदीप कुमार, धन सिंह रावत, दीपक खंतवाल, सोनम डोभाल, काव्यांजलि ध्यानी सहित अन्य ग्रामीण एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *