पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ प्रदान किया

सेवा संकल्प अभियान में 47 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी, पात्र लोगों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ

पौड़ी/24 सितंबर, 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड पौड़ी सभागार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 47 शिकायतें दर्ज करायी, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शिविर की अध्यक्षता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार  द्वारा अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में दर्ज जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर नहीं हो सका है, उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना विभागीय अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ प्रदान किया। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखी।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख अर्चना तोपाल, कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, एबीडीओ धनपाल सिंह नेगी, ब्लॉक मिशन मैनेजर विजय बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *