ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी

सेवा संकल्प अभियान के तहत पोषण दिवस पर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर संचालित योजनाओं की दी जानकारी, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

पौड़ी/22 सितंबर, 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत जनपद पौड़ी के विभिन्न बाल विकास परियोजना क्षेत्रों में मंगलवार को पोषण दिवस एवं सामुदायिक आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा विभागीय योजनाओं को लेकर महिलाओं एवं ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि बाल विकास परियोजना दुगड्डा के केंद्र मानपुर-4 में आयोजित पोषण गतिविधि के दौरान घर में पोषण वाटिका तैयार करने, स्थानीय एवं मौसमी फलों तथा खाद्य पदार्थों से मिलने वाले पोषक तत्वों के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही ‘सुनहरे हजार दिनों’ की अवधारणा के बारे में बताया गया। प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महालक्ष्मी किट योजना तथा बालिकाओं के लिए संचालित नंदा गौरा योजना की जानकारी भी दी गई।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में बाल विकास परियोजना थलीसैंण के सेक्टर चाकीसैंण में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पोषण संबंधी सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई। एक गर्भवती महिला की गोद भराई कर पोषण किट प्रदान की गई, जबकि दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

सेक्टर पैठाणी के आंगनबाड़ी केंद्र सेराबडकोट में गतिविधियों के साथ राष्ट्रीय पोषण माह की थीम ‘सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही’ पर आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा करने के साथ एक गर्भवती महिला की गोद भराई भी की गई।

कार्यक्रमों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं परिवारों को संतुलित आहार, स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा बच्चों के बेहतर पोषण के प्रति जागरूक किया गया।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *