सिंगल यूज प्लास्टिक पर पर प्रतिबंध, दून सेक्टर अधिकारी तैनात

सिंगल यूज प्लास्टिक पर पर प्रतिबंध, देहरादून निगम में 50 सेक्टर अधिकारी तैनात,

हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में प्लास्टिक प्रतिबंध और स्वच्छता अभियान की होगी नियमित निगरानी,

देहरादून 31 अगस्त,2026, मा. उच्च न्यायालय नैनीताल, उत्तराखंड एवं आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के अनुपालन में देहरादून जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी अनुपालन एवं नियमित निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारी नामित किए गए हैं।

अपर जिलाधिकरी (वि.रा) केके मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंधित उत्पादों के विनिर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री एवं उपयोग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक का निर्माण करने वाले उद्योगों एवं फैक्ट्रियों पर भी विशेष अभियान चलाकर निरीक्षण एवं कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सेक्टर अधिकारी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे।
उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में संयुक्त आयुक्त (विवेचना/प्रवर्तन), राज्य कर, देहरादून को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नोडल अधिकारी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत एवं जिला पंचायत सहित संबंधित निकायों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे तथा अनुपालन आख्या जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
नगर निगम देहरादून के सभी वार्डों में नियमित निगरानी के लिए नगर निगम स्तर से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। संबंधित अधिकारी सेक्टर अधिकारियों के साथ समन्वय कर अभियान को प्रभावी बनाएंगे। वहीं, विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला, मसूरी एवं सेलाकुई क्षेत्र में संबंधित नगर निकायों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *