15 अगस्त की तैयारियों को लेकर एडीएम ने ली बैठक

15 अगस्त की तैयारियों को लेकर एडीएम ने ली बैठक, समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

14 अगस्त को कंडोलिया-टेका मार्ग पर होगी मैराथन दौड़, बालक-बालिका व ओपन वर्ग में प्रतिभाग करेंगे धावक

पौड़ी: स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस से संबंधित तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एजेंसी चौक से रामलीला मैदान तक प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रभात फेरी में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर पालिका को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही शहीद स्मारक की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाएं बेहतर एवं व्यवस्थित नजर आनी चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को कंडोलिया-टेका मार्ग पर मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने युवा कल्याण एवं खेल विभाग को प्रतियोगिता की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मैराथन में बालक, बालिका एवं ओपन वर्ग में प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *