भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट

भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश

देहरादून, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद देहरादून में 05 एवं 06 अगस्त को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने तथा आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ऑरेंज अलर्ट की अवधि में पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगाई जाएगी तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।
सभी विभागीय अधिकारियों, आपदा प्रबंधन प्रणाली से जुड़े नामित अधिकारियों तथा विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्थलीय कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए संबंधित विभागों के बीच सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं नगर निकायों को नालियों एवं कल्वर्टों से अवरोध हटाकर जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *