चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं के बारे में बताया

राजकीय इंटर कॉलेज उज्याड़ी में बाल अधिकारों और सुरक्षा को लेकर जागरुक हुए छात्र-छात्राएं

पौड़ी, 10 सितंबर 2026: जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में राजकीय इंटर कॉलेज, उज्याड़ी में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर एक दिवसीय जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बच्चों के अधिकार, सुरक्षा और विपरीत परिस्थितियों में उपलब्ध सहायता एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गयी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के माध्यम से मिलने वाली सहायता एवं आपातकालीन सेवाओं के बारे में बताया गया। साथ ही बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बाल यौन शोषण से बचाव तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया गया।

इसके अलावा वैधानिक दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया और इससे जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध अथवा असुरक्षित परिस्थिति में बिना संकोच सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से विनीता चौधरी ने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध सरकारी सहायता, चाइल्ड हेल्पलाइन और विधिक सेवाओं तक पहुंच की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य हरेन्द्र सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी, काउंसलर पूजा असवाल एवं शामली रावत, जिला बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन के केस वर्कर धर्मेंद्र सिंह तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सीमा देवी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *