सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश

 

पौड़ी/08 अक्टूबर 2026: जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति के साथ ही 20 सूत्री एवं 25 सूत्री कार्यक्रम तथा टास्क फोर्स के कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त जनपद में पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली योजनाओं एवं महत्वपूर्ण फास्ट ट्रैक कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गयी।

पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं के कार्य निर्धारित समय के अनुरूप आगे नहीं बढ़ रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ गति प्रदान करते हुए समयबद्ध पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, उनके कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखने को कहा।

बैठक में अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 16 कार्यों के अनुबंध हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को इसी माह प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, उनमें आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करते हुए कार्यों को धरातल पर प्रारंभ किया जाए

सतपुली-गुमखाल संपर्क मार्ग के संबंध में पूर्व निर्गत निर्देशों के क्रम में अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया कि मार्ग पर ब्लैक टॉप का कार्य शुरू हो गया है तथा अधिकांश मलबा हटा लिया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने शेष मलबा हटाने का कार्य शीघ्र शुरू करने के साथ ही सुरक्षात्मक दीवारों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि मार्ग पर आवागमन सुचारु और सुरक्षित बना रहे।

उन्होंने कहा कि जिन बड़े कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है, उनकी फोटोग्राफ एवं माप पुस्तिका उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही शासन स्तर पर लंबित कार्यों का संबंधित विभाग नियमित फॉलोअप करें तथा वन विभाग की एनओसी के कारण लंबित कार्यों को संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र निस्तारित किया जाए। बैठक में पेयजल, पार्किंग सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं में भी आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने पौड़ी जेल संग्रहालय के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पैठाणी स्थित राहु मंदिर तथा पौड़ी के इको एडवेंचर पार्क के कार्यों की भी समीक्षा की। राहु मंदिर में पुजारी आवास निर्माण पूर्ण हो चुका है। उन्होंने वेटिंग हॉल में फर्नीचर तथा लाइटिंग पोल में संगीत व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सीता माता सर्किट के अंतर्गत सौंदर्यीकरण संबंधी कार्यों के लिए शीघ्र टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *