मुख्यमंत्री बाजपुर में आयोजित रोड शो में हुए शामिल, 16.34 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

बड़ी संख्या में उपस्थित जन समूह का जताया आभार।

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रदान किये चेक, किया सम्मानित।

मुख्यमंत्री ने 16.34 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास, क्षेत्र के विकास के लिये की अनेक घोषणा।

बाजपुर, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बाजपुर इण्टर कॉलेज में आयोजित लाभार्थी सम्मान समारोह में प्रतिभाग कर बाजपुर तहसील कार्यालय से इण्टर कॉलेज बाजपुर तक रोड शो किया। रोड शो के दौरान जगह-जगह पर विभिन्न संस्थाओं के लोक कलाकारों एवं मातृशक्ति द्वारा उनका गीत, नृत्य, पुष्प वर्षा से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आम जन पर पुष्प वर्षा करते हुए बड़ी संख्या में मौजूद जनसैलाब का अभिवादन कर आभार जताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 16 करोड़ 34 लाख 42 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग द्वारा 12.11करोड़ रुपये की लागत से लघु आधुनिकीकरण कार्य का लोकार्पण, 351.63 लाख की लागत से बाजपुर के बन्ध मार्ग से जगन्नाथपुर कोसी फार्म मार्ग(लिंक मोटर मार्ग) का पुनः निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास, 24.28 लाख की लागत से महुआखेड़ा गंज वार्ड नं- 5 में शमशान घाट की चाहर दीवारी के निर्माण कार्य का शिलान्यास, 22.58 लाख की लागत से महुआखेड़ा गंज के वार्ड नं 8 में बीरपुर रोड से मौ0 आदिल के मकान तक सी0सी0 सड़क तथा नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं वार्ड नं 4 में 24.94 लाख की लागत से आदर्श नगर स्थित शमशान घाट की चाहर दीवारी के कार्य का शिलान्यास शामिल है। तथा मुख्यमंत्री ने बाजपुर को जलभराव से निजात दिलाने हेतु चकरपुर से बाजपुर- बाजपुर से गुमसानी तक लेवड़ा नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने व पीडब्ल्यूडी की बेरिया रोड एवं चकरपुर रोड व उनकी पुलिया का पुनःनिर्माण कार्य कराए जाने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये मोदी की गारंटी है कि आज लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते बल्कि सरकारी कर्मचारी, अधिकारी और जनप्रतिनिधि खुद चलकर आपके दरवाजे तक आ रहे हैं और आपकी समस्याओं का निदान कर रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने 80 करोड़ लोगों को राशन वितरित कर एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक काम किया। उन्होंने कहा कि ये प्रधानमंत्री मोदी जी की दूरदर्शिता थी कि देश में करीब 50 करोड़ जनधन खाते गरीबों के लिए खोले गए, जिनका प्रयोग लाभार्थियों के खातों में सीधे डी बी टी करने के लिए हो रहा है। यही नहीं ग्रामीण क्षेत्र में करीब 12 करोड़ इज्जत घर बनाए गए हैं।
आज भारत विज्ञान और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र विश्व के सामने एक महाशक्ति बनकर उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पूर्व बच्चों को वैक्सीन लगवाने के लिए दर-दर भटकना पड़ता था, लेकिन आदरणीय मोदी जी के नेतृत्व में मिशन इन्द्रधनुष योजना के तहत बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए वैक्सीन लगाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जन मन योजना के अंतर्गत ग्राम चनकपुर निवासी प्रेमवती, ग्राम शिवपुरी निवासी आकांक्षा को प्रमाण पत्र तथा एनआरएलएम की लखपति दीदी योजना के अंतर्गत बाजपुर गांव की गुलनाज, चकरपुर की पूनम सागर एवं कनोरा की गुलिस्तां जहाँ एवं इसके उपरांत मुक्ता स्वयं सहायता समूह की उर्मिला काण्डपाल, दशमेश स्वयं सहायता समूह की सन्दीप कौर, गुलशन स्वयं सहायता समूह की आशिया, गुरुनानक स्वयं सहायता समूह की परमजीत कौर, दुर्गा शक्ति स्वयं सहायता समूह माया बिष्ट एवं भरत स्वयं सहायता समूह की कलावती को ब्याज मुक्त ऋण के चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री ने मतदाता जागरूकता बूथ पर जाकर सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवाई एवं जनता से शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की।

केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री श्री धामी का स्वागत करते हुए कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हमारा प्रदेश देश में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, विधायक अरविंद पाण्डे, जिलाध्यक्ष गुँजन सुखीजा ने भी अपने विचार रखें।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *