देहरादूनः राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा संचालित आयुष्मान योजना की समीक्षा बैठक में मा स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने योजना को जन जन तक सुलभ बनाने की बात कही। साथ ही उन्होंने सड़क हादसे में घायल पीड़ितों के कैशलेस उपचार हेतु संचालित पीएम राहत योजना पर भी फोकस करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य निदेशालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मा स्वास्थ्य मंत्री जी ने कहा कि आयुष्मान योजना जन कल्याण से जुड़ी योजना है, इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दास्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधा तथा उपचार के नाम पर पैसा लेने की शिकायतों पर गंभीरता बरतने और समय समय पर अस्पतालों के औचक निरीक्षण के भी निर्देश दिए। कहा कि आयुष्मान सूचीबद्ध सभी अस्पतालों में आयुष्मान की व्यापक जानकारियों के बोर्ड लग जाएं, ताकि लाभार्थी किसी भी तरह के भ्रम से बच सकें।
बैठक में प्राधिकरण के चेयरमैन अरविंद सिंह ह्यांकी ने आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन को लेकर भारत सरकार की गाइड लाइन के साथ ही राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना के संचालन में आ रही बजट की समस्या के बारे में अवगत कराया। इस पर मा मंत्री जी ने समाधान का भरोसा दिया। अपर सचिव स्वास्थ्य रोहित मीणा ने आम जन की स्वास्थ्य सुरक्षा को बनी आयुष्मान योजना के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने को सुझाव रखे, और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के सहयोग को भी इसमें जरूरी बताया।
प्राधिकरण के निदेशक वित्त अभिषेक आनंद ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, अटल आयुष्मान योजना, वय वंदना तथा पीएम राहत योजना को लेकर प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में महानिदेशक स्वास्थ्य डा सुनीता टम्टा, प्राधिकरण के निदेशक प्रशासन डा एचसीएस मार्तोलिया, अपर निदेशक निखिल त्यागी, अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।

