15 जुलाई को होगा उप प्रधान पद का चुनाव

नैणी, जोगीमड़ी और कठूड़ ग्राम पंचायतों में 15 जुलाई को होगा उप प्रधान पद का चुनाव

नामांकन से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में होगी संपन्न

पौड़ी: जनपद की तीन ग्राम पंचायतों नैणी (विकासखंड कल्जीखाल), जोगीमड़ी (विकासखंड एकेश्वर) एवं कठूड़ (विकासखंड रिखणीखाल) में रिक्त उप प्रधान पदों के लिए 15 जुलाई, 2026 को निर्वाचन कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी, जबकि 12:30 बजे से 1:00 बजे तक चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

इसके उपरांत दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 4:00 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी, जो कार्य पूर्ण होने तक जारी रहेगी। निर्वाचन की समस्त प्रक्रिया संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों में संपन्न करायी जाएगी।

जनपद की कुल 1,166 ग्राम पंचायतों में से 1,163 में उप प्रधान पद भरे हुए हैं, जबकि शेष तीन रिक्त पदों पर इस निर्वाचन के माध्यम से उप प्रधानों का चयन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों के मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *