मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट में सेना के जवानों से की मुलाकात

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट में सेना के जवानों से की मुलाकात, दीपावली की शुभकामनाएं देकर किया वीर सैनिकों के समर्पण को नमन

* मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास लौटते समय गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों को देखकर अपना काफिला रुकवाया और उनसे आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने जवानों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा मिठाई और शुभकामनाओं के माध्यम से पर्व की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए हमारे वीर सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनके सतर्क पहरे और अटूट संकल्प के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ भारती की सेवा में समर्पित हमारे सैनिकों का त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। त्योहारों के अवसर पर जब पूरा देश अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाता है, तब हमारे अनेक वीर जवान अपने घर-परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। उनका यह समर्पण हम सभी के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

मुख्यमंत्री ने माँ भारती के इन वीर सपूतों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों का सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जवानों के सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा के संकल्प को नमन किया।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *