स्वच्छता और जनजागरुकता अभियान तेज करने के निर्देश

चारधाम यात्रा और मानसून को लेकर नगर निकायों की तैयारियां परखी, आयुक्त ने जलभराव रोकथाम, स्वच्छता और जनसुविधाओं को लेकर दिए दिशा-निर्देश

नगर निकायों को नालों की सफाई, जल निकासी, स्वच्छता और जनजागरुकता अभियान तेज करने के निर्देश

पौड़ी: गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने मानसून सीजन से पूर्व नगर निकाय क्षेत्रों में संभावित जलभराव की समस्याओं तथा उनके निराकरण के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडल मुख्यालय पौड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर निकायों एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का विस्तृत जायज़ा लिया।

बैठक में आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव संभावित स्थलों का चिन्हीकरण कर समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में त्वरित जल निकासी के लिए पंपों एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए। आयुक्त ने सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिवर्ष विद्युत ऑडिट कराने के निर्देश दिए। साथ ही अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को मुनिकीरेती क्षेत्र में एलईडी डिस्प्ले के माध्यम से स्वच्छता संबंधी जनजागरुकता अभियान संचालित करने को कहा।

आयुक्त ने कहा कि मानसून पूर्व किए जा रहे सभी कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट संबंधित विभागों को उपलब्ध करायी जाए। बरसाती जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के लिए नालों एवं नालियों की व्यापक सफाई समय से पूरी की जाए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

आयुक्त ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग एवं अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े नगर निकाय अपने क्षेत्रों में प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड तथा पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान स्थापित करें। उन्होंने स्वच्छता मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निकाय क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में निर्माणदायी संस्थाओं के माध्यम से क्षतिग्रस्त नालियों एवं जल निकासी संरचनाओं की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर आयुक्त (प्रशासन) उत्तम सिंह चौहान, विभिन्न जिलों के अपर जिलाधिकारी, नगर निगमों के आयुक्त, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *