‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम पर होंगे बहुउद्देशीय सेवा शिविर

‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम पर जनपद में 4 से 19 जुलाई तक होंगे बहुउद्देशीय सेवा शिविर

मुख्यमंत्री के निर्देशन में विभागीय स्टॉल, लाभार्थी सम्मान, स्वास्थ्य शिविर और जनसमस्याओं का होगा समाधान

पौड़ी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम पर 4 जुलाई से 19 जुलाई, 2026 तक व्यापक स्तर पर सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जनपद के सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर, विभागीय प्रदर्शनी, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, लाभार्थियों को लाभ वितरण तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में सेवा सप्ताह का शुभारंभ 4 जुलाई को प्रेक्षागृह, पौड़ी में होगा। इसके बाद विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम प्रत्येक ब्लॉक सभागार में आयोजित किए जाएंगे, जिसके तहत 5 जुलाई को पौड़ी, 6 जुलाई को कोट, 7 जुलाई को यमकेश्वर, 8 जुलाई को दुगड्डा, 9 जुलाई को थलीसैंण, 10 जुलाई को जयहरीखाल, 11 जुलाई को खिर्सु, 12 जुलाई को कल्जीखाल, 13 जुलाई को पाबौ, 14 जुलाई को बीरोंखाल, 15 जुलाई को रिखणीखाल, 16 जुलाई को नैनीडांडा, 17 जुलाई को एकेश्वर, 18 जुलाई को पोखड़ा तथा 19 जुलाई को द्वारीखाल में बहुउद्देशीय शिविर एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण, पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा विभिन्न विभागों की सेवाओं को आमजन के द्वार तक उपलब्ध कराना है। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जाएगा। इसके अलावा रोजगार एवं स्वरोजगार, कौशल विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, सैनिक कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य विकासोन्मुखी विषयों पर जागरूकता एवं सेवा संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही अधिकारियों द्वारा आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि शिविरों में स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा शिविर, दिव्यांगजनों के लिए उपकरण वितरण, आधार एवं ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं, विशेष लोक अदालत, महिला एवं बाल विकास संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का आपसी समन्वय के साथ प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आयोजन में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए, ताकि सेवा सप्ताह सुशासन, जनसेवा और जनकल्याण का प्रभावी अभियान बन सके।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *