मुख्यमंत्री के निर्देशों पर सात स्थानों पर राज्य स्तरीय आपदा मॉक ड्रिल

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर सात स्थानों पर राज्य स्तरीय आपदा मॉक ड्रिल, परखी गयी तैयारियां

जिलाधिकारी के नेतृत्व में आपदा से निपटने की क्षमता का हुआ परीक्षण, राहत एवं बचाव तंत्र की तत्परता जांची गयी

आपदा से पहले तैयारी पुख़्ता, जनपद में बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल सफल

पौड़ी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में मानसून पूर्व तैयारियों पर व्यापक राज्य स्तरीय आपदा मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से जिले के सात संवेदनशील स्थलों पर अलग-अलग आपदा परिदृश्यों का सजीव अभ्यास कराया गया। इसमें नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि, भूस्खलन तथा बादल फटने जैसी परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की कार्ययोजना, विभागीय समन्वय और संसाधनों की उपलब्धता का परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के नेतृत्व में पूरे अभ्यास की कलेक्ट्रेट सभागार स्थित एकीकृत कंट्रोल रूम से पल-पल निगरानी की गई तथा विभिन्न टीमों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता का आकलन किया गया।

कंट्रोल रूम में उपस्थित जिलाधिकारी ने बताया कि आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम को सुबह 9:15 बजे सतपुली-गुमखाल मार्ग पर भूस्खलन से सड़क अवरुद्ध होने तथा 20 से 30 लोगों के फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और एक घायल को एंबुलेंस से हंस फाउंडेशन अस्पताल, सतपुली भेजा गया। इसके बाद सुबह 9:20 बजे थलीसैंण क्षेत्र में बादल फटने का परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें 25 लोगों के प्रभावित होने, दो लोगों की मृत्यु तथा तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर करने और अन्य प्रभावितों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया।

सुबह 9:25 बजे कोटद्वार के सिम्बलचौड़ क्षेत्र में सुखरौ नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना पर राहत दल ने 15 से 20 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया तथा दो घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं सुबह 9:43 बजे श्रीनगर के फरासू क्षेत्र में भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध होने और 80 से 100 लोगों के फंसे होने के परिदृश्य में प्रशासन ने तत्काल राहत सामग्री भेजी, छांतीखाल मार्ग से यातायात डायवर्ट किया तथा जेसीबी मशीनों की मदद से मार्ग सुचारू करने का अभ्यास किया। इसी दौरान धारी देवी के समीप गोवा बीच क्षेत्र में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय राजमार्ग जलमग्न होने की स्थिति का भी अभ्यास किया गया। राहत एवं बचाव दल ने तीन घायलों का रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा तथा खांकरा मार्ग से यातायात डायवर्ट किया। इसके बाद सुबह 10:17 बजे अल्केश्वर घाट में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना पर तीन घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया गया तथा 20 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास किया गया। वहीं सुबह 10:25 बजे लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के परिदृश्य में जिला प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीम ने विभिन्न घाटों से लगभग 2500 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाकर बड़े स्तर पर राहत एवं निकासी अभियान का सफल अभ्यास किया।

जिलाधिकारी ने बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों की कार्ययोजना, तैयारियों एवं उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपदा की स्थिति में किसी भी स्तर पर संचार अथवा समन्वय में कमी नहीं आनी चाहिए। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा राहत एवं बचाव कार्य बिना विलंब प्रारंभ करें।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आपदा के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली एवं उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को तत्काल राहत मिल सके। साथ ही डीपीआरओ को निर्देशित किया कि एडीओ (पंचायत) भी आपदा के समय ग्राउंड लेवल पर सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्यों के साथ-साथ महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को भी आपदा प्रबंधन व्यवस्था से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि स्थानीय सहभागिता से प्रारंभिक सूचना, समन्वय तथा राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

About The Singori Times

View all posts by The Singori Times →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *